साहिबाबाद। थानाक्षेत्र के लाजपतनगर की रहने वालीं अरुणा सरकार ने मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए किरायेदार अनीता राणा और उनके पति पर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि अनुबंध पूरा होने के बाद से महिला ने न तो किराया दिया और न ही मकान खाली किया। पीड़िता भारतीय सेना में कर्नल के पद पर तैनात अभिजीत सरकार और कौशिक सरकार की मां हैं। डीसीपी निमिष पाटील के निर्देश पर साहिबाबाद थाने में दंपती के खिलाफ 27 अक्तूबर की रात मुकदमा दर्ज किया गया है।
बुजुर्ग महिला अरुणा सरकार ने दर्ज मुकदमे में बताया कि उनके पति आशा मुकुल सरकार हिंडन एयरफोर्स से सेवानिवृत्त हैं। बताया कि करीब एक साल पहले उन्होंने अपना मकान अनीता राणा को किराये पर दिया था। एक साल का अनुबंध पूरा होने के बाद महिला ने बेटे की पढ़ाई की बात कहकर खाली करने के लिए कुछ समय और मांगा। इसके बाद भी महिला ने मकान खाली नहीं किया। आरोप है कि महिला ने भू-माफियाओं के साथ मिलकर उन्हीं के फ्लैट के फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और कब्जा कर लिया। सभी के मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिए। इसके बाद पीड़िता के दोनों बेटों ने कानूनी नोटिस भेजकर मकान खाली करने के लिए कहा। इसके जवाब में किरायेदार ने जाली दस्तावेज बनाकर अरुणा सरकार पर 12 लाख रुपये की देनदारी दिखाई। दस्तावेज पर अरुणा सरकार और किसी गवाह के हस्ताक्षर भी नहीं थे। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि बुजुर्ग महिला की ओर से दिए गए दस्तावेजों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है। आरोपी महिला के भी बयान दर्ज कराए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।