मोदीनगर। सोमवार रात निवाड़ी थाना क्षेत्र के सिखैड़ा मार्ग स्थित औद्योगिक क्षेत्र में 62 वर्षीय जितेंद्र के पैर में नकाबपोश युवकों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घायल जितेंद्र को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जितेंद्र का लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। परिजनों ने विपक्षियों पर गोली मारने का आरोप लगाते हुए घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राजबाला एंक्लेव निवासी जितेंद्र सिंह का सिखैड़ा रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी को लेकर विवाद चल रहा है। जितेंद्र के पुत्र दुष्यंत की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि सोमवार रात उनके पिता फैक्टरी से घर लौट रहे थे। आरोप है कि जैसे ही वह नाले के पास पहुंचे बाइक और स्कूटी सवार चार नकाबपोशों ने उन्हें रोक लिया और फैक्टरी के विवाद को लेकर गाली गलौज करने लगे। आरोप है कि इसी बीच स्कूटी सवार नकाबपोश ने जितेंद्र पर फायरिंग कर दी। गोली जितेंद्र के दाहिने पैर में लगी। फायरिंग के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए वहां से भाग गए। दुष्यंत ने फैक्टरी को लेकर चल रहे विवाद में विपक्षियों पर गोली मारने का आरोप लगाया है।
पुलिस घटना को प्रथम दृष्टया संदिग्ध मान रही है। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि तहरीर के आधार पर लोकेंद्र सिंह, संदीप डबास आकिल, वासिद, नवाब और प्रमोद के खिलाफ जानलेवा हमला भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। अहम सुराग हाथ लगे हैं, शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।