मसूरी। क्षेत्र के मयूर विहार में रविवार शाम लाठी-डंडों से हुए हमले में घाल बुजुर्ग सलमुद्दीन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजनों ने पास की ही असलम कॉलोनी में रहने वाले एक परिचित के परिवार पर लाठी-डंडों और ईंट से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। बिसरा संरक्षित किया गया है।
मयूर विहार में रहने वाले आदिल ने बताया कि रविवार शाम उनके 65 वर्षीय पिता घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान असलम कॉलोनी में रहने वाली वाली रजिया, पति इकबाल और बेटे फैजान व आशु और उसके भाई साजिद के साथ आई और लाठी-डंडों से उनके पिता पर हमला कर दिया। शोर सुनकर वह नीचे आए और बीच-बचाव करने लगे तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। आदिल ने बताया कि वह घायल अवस्था में पिता को जेल चौकी लेकर पहुंचे, वहां उनके पिता बेहोश हुए तो वह उन्हें अस्पताल लेकर जा रहे थे। रास्ते में उनके पिता ने दम तोड़ दिया। घटना का पता लगने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुरानी रंजिश में मारपीट की बात सामने आई है। अस्पताल ले जाते समय घायल बुजुर्ग की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। बिसरा संरक्षित रखा गया है। अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।