ककोड़ । पुलिस और स्वाट टीम ने चेकिंग के दौरान विद्युत तार चोरी करने वाले गिरोह के आठ बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का तार और अन्य सामान बरामद किया है। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि बृहस्पतिवार को चेकिंग के दौरान थाना पुलिस और स्वाट टीम ने जेवर रोड से आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें नाजिम निवासी गांव पपसरा खादर, थाना गजरौला, जिला अमरोहा हरिओम उर्फ राधे निवासी गांव सलेमगढ़, थाना जहांगीराबाद मोहम्मद अली निवासी गांव अख्तियारपुर भूड़, थाना धनौरा मंडी, जिला अमरोहा, नाजिम आलम निवासी अमादाबाद खादर, थाना इस्लामपुर, जिला नालंदा, बिहार, हाल निवासी ए-ब्लॉक, राजीव नगर, भलस्वा डेयरी, दिल्ली, मोहम्मद सलमान निवासी डेरा गुलंदी, थाना श्योहरा, जिला बिजनौर, फैसल, शाने आलम निवासी गांव पतेई खादर, थाना रहरा, जिला अमरोहा और शैलेंद्र निवासी गांव कच्ची महटोली, थाना अमराहट, जिला कानपुर देहात शामिल हैं।
आरोपियों के कब्जे से छह क्विंटल चोरी का एल्यूमिनियम का तार, तीन तार कटर, दो तमंचे, तीन कारतूस, दो चाकू, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और एक लोडर गाड़ी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 19 सितंबर को नरसेना क्षेत्र के माकड़ी मार्ग पर विद्युत खंभों से तार चोरी किए थे। इसके अलावा 20 सितंबर को नरसेना क्षेत्र के चंदियान रोड पर विद्युत खंभों से तार चोरी करने की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों ने अन्य जनपदों में भी तार चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। उनके खिलाफ विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।