गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में गुलधर मेट्रो स्टेशन के पास फ्लाईओवर से सर्विस रोड की ओर मुड़ रहे बाइक सवार को डंपर ने कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 11 बजे बाइक सवार गुलधर मेट्रो स्टेशन के पास सर्विस रोड की ओर मुड़ रहा था। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ओवरलोडेड डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक डंपर के टायर के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची गुलधर चौकी पुलिस ने घायल को संयुक्त अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से एक मोबाइल मिला है, लेकिन पैटर्न लॉक होने से पहचान नहीं हो सकी है। जेब से कोई पहचान पत्र भी नहीं मिला। पुलिस कॉल आने का इंतजार कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।