नशे में धुत एक युवक ने मंगलवार को घंटाघर रामलीला ग्राउंड में खड़े रावण के पुतले में आग लगा दी। रामलीला समिति के लोगों ने रेत डालकर आग बुझाई और आरोपी की धुनाई कर उसे कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हालांकि पुलिस छानबीन में पता चला कि उससे अनजाने में आग लग गई थी, लिहाजा पांच घंटे हिरासत में रखने के बाद उसे छोड़ दिया गया।
सुल्लामल रामलीला कमेटी के आतिशबाजी मंत्री धीरेंद्र मित्तल ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे नशे में धुत कल्लूपुरा निवासी एक युवक दो साथियों के साथ रावण के पुतले के पास पहुंच गया। आरोपी युवक ने धूम्रपान करने के लिए माचिस की तीली जलाकर पुतले के नीचे रखे फूस (सुखी हुई घास) में फेंक दी, जिससे आग लग गई।
हालांकि आग पूरी तरह से पुतले को चपेट में ले पाती, इससे पहले ही समिति के लोगों ने रेत डालकर बुझा दी। इसके बाद दो युवक तो भाग गए, जबकि एक को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।नगर कोतवाल धीरेंद्र सिंह का कहना है कि रामलीला समिति की तरफ से युवक के खिलाफ कोई तहरीर नहीं आई है।
छानबीन में धूम्रपान करने के दौरान अनजाने में जलती माचिस की तीली पुतले के पास गिर गई थी, लिहाजा उसे छोड़ दिया गया है।