मोदीनगर। निवाड़ी मार्ग पर मोदीनगर थाना क्षेत्र स्थित फायर स्टेशन के समीप शनिवार पूर्वाह्न शराब के नशे में धुत कार सवार दिल्ली पुलिस के एएसआई ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवती समेत छह लोग घायल हो गए। बेकाबू कार टक्कर मारने के बाद नाले की दीवार से टकरा गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दो घायलों को गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया गया। उनमें एक घायल की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। भीड़ ने आरोपी कार चालक एएसआई सतेंद्र मलिक को पकड़कर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
मोदीनगर की किदवईनगर के रहने वाले सब्बल और मोहम्मद असलम मित्र हैं। सब्बल और असलम शनिवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे निवाड़ी रोड पर बाइक ठीक कराने गए थे। जैसे ही वह फायर स्टेशन के सामने पहुंचे तभी एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद बेकाबू कार बाइक और ई-रिक्शा को टक्कर मारते हुए नाले की दीवार से जा टकराई। हादसे में सब्बल और मोहम्मद असलम के अलावा कामरान, पवन व ई-रिक्शा सवार युवक-युवती घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद निवाड़ी मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। किसी तरह घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहां से सब्बल और मोहम्मद असलम को मेरठ रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। भीड़ ने दिल्ली पुलिस की वर्दीधारी आरोपी कार चालक को कार से निकालकर उसकी जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी चालक का साथी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। पुलिस ने वर्दीधारी कार चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। जांच में शराब पीने की पुष्टि हो गई। कार्यवाहक एसीपी मोदीनगर ने हिरासत में ले गए आरोपी का नाम सतेन्द्र मलिक निवासी मुजफ्फरनगर बताया।
नशा अधिक होने के कारण आरोपी सतेन्द्र मलिक कुछ भी बता नहीं पाया। जांच में सामने आया कि आरोपी सतेन्द्र मलिक दिल्ली पुलिस में एएसआई है और वर्तमान में उसकी तैनाती दिल्ली मॉडल टाउन में चल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में शराब की खाली बोतल और गिलास पड़े थे। घायल असलम के भाई आमिर ने थाने में तहरीर दी। कार्यवाहक एसीपी मोदीनगर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी एएसआई सतेन्द्र मलिक को हिरासत में ले लिया गया है। उसके साथी की तलाश की जा रही है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी जा रही है।
-
बाइक को दो सौ मीटर तक घसीटते ले गया कार चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय कार की रफ्तार बहुत तेज दी। बताया कि नशे में धुत कार चालक बाइक को टक्कर मारने की बाद दो सौ मीटर तक घसीटता ले गया। इस दौरान उसने स्कूटी और ई-रिक्शा को भी टक्कर मारी। गनीमत रही कि बेकाबू कार नाले की दीवार से टकराकर रुक गई। वरना और बड़ा हादसा हो सकता था।