गाजियाबाद। राज्य स्मार्ट सिटी मिशन योजना के तहत राजनगर एक्सटेंशन में डिजिटल लाइब्रेरी और मेरठ तिराहे पर शहीद स्थल के पास कमर्शियल कांपलेक्स और वी वर्क स्टेशन के निर्माण की फाइनल डीपीआर नगर निगम ने शासन को भेज दी है। इन दोनों प्रोजेक्टों के निर्माण पर करीब 44 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
राज्य स्मार्ट सिटी मिशन योजना के तहत शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का काम पूरा करने के बाद नगर निगम अन्य प्रोजेक्टों के प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की दिशा में एक कदम और बढ़ गया है। हालांकि कैमरा इंटीग्रेशन के काम में नगर निगम अभी 50 फीसदी से अधिक काम नहीं कर पाया है। ये काम 2025 तक पूरे हो जाने चाहिए थे, लेकिन निगम ने समय विस्तार करा लिया है। नगर निगम के मुख्य अभियंता एनके चौधरी का कहना है कि राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के सभी प्रोजेक्टों पर काम शुरू हो गया है। निर्माण कराने का जिम्मा सीएंडडीएस को दिया गया है। उम्मीद है कि डीपीआर को जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी।
-
300 लोगों के बैठने की क्षमता वाली होगी डिजिटल लाइब्रेरी
डिजिटल लाइब्रेरी राजनगर एक्सटेंशन में सीनियर केयर सेंटर के ऊपर बनाई जाएगी। डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट के अनुसार 1246 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्मित केयर सेंटर में प्रथम तल और द्वितीय तल पर 623 वर्गमीटर में लाइब्रेरी होगी। लाइब्रेरी में डिजिटल डेस्क, 300 लोगों के बैठने की क्षमता वाली लाइब्रेरी होगी। सीसीटीवी कैमरे, 101 कंप्यूटर सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, दो कलर एक्सरे मशीन। इस प्रोजेक्ट पर नौ करोड़ 47 लाख रुपये के खर्च का आंकलन तैयार किया गया है।
-
कमर्शियल कॉम्पलेक्स में मिलेगी सभी तरह की सुविधाएं, 35 करोड़ आएगी लागत
मेरठ तिराहे पर शहीद स्थल के पास प्रस्तावित कमर्शियल कॉम्पलेक्स में एक ही छत के नीचे प्लंबिंग, इलेक्ट्रिकल, सिविल वर्क फर्नीचर वर्क समेत अन्य कई तरह की सेवाओं की सुविधा शहर के लोगों को मिल सकेगी। इस भवन के लिए 4548 वर्ग मीटर जमीन चिह्नित की गई है। इस पर करीब 35 करोड़ का आगणन तैयार कर डीपीआर निदेशक राज्य स्मार्ट सिटी मिशन उत्तर प्रदेश शासन को भेजी गई है। यह कॉम्पलेक्स भूतल से 10 मंजिल का बनेगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता एनके चौधरी का कहना है कि डीपीआर के जल्द ही मंजूर मिलने की उम्मीद है।