कैंसर से पीड़ित समाज सेविका डोरिस फ्रांसिस को बुधवार को फेडरेशन ऑफ एओए के प्रयासों से मैक्स सुपरस्पेशलिटी अस्पताल वैशाली में शिफ्ट कराया गया। मैक्स अस्पताल का ऑनकोलॉजी डिपार्टमेंट डोरिस का निशुल्क इलाज करेगा।
कीमोथैरेपी और रेडियोथैरेपी के लिए अब उन्हें परेशानी नहीं उठानी पड़ेेगी। अस्पताल के ऑनकोलाजिस्ट की मानें तो डोरिस की हालत में अब सुधार है। बुधवार दोपहर तीन बजे से डोरिस को एम्स दिल्ली से मैक्स अस्पताल वैशाली लाया गया। उन्हें रूम नंबर 424 में रखा गया है।
डाक्टरों के मुताबिक उन्हें यूट्रस कैंसर हुआ है। दिवाली के बाद दिक्कत बढ़ने पर उन्हें एम्स में दिखाया गया, जहां 23 नवंबर को ऑपरेशन हुआ, लेकिन ऑपरेशन के बाद कैंसर के पूूर्ण इलाज के महंगे खर्च ने परिवार के सामने संकट खड़ा कर दिया।
डोरिस के पति विक्टर ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण दिक्कत पेश आई लेकिन फेडरेशन ऑफ एओए अब उनकी मदद के लिए आई है। एओए के संरक्षक आलोक कुमार बुुधवार को एम्स गए और डोरिस के बेहतर इलाज के लिए मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल वैशाली से बात की।
मैक्स प्रबंधन डोरिस के इलाज के लिए राजी हो गया। मैक्स अस्पताल वैशाली के यूनिट हेड डा. गौरव अग्रवाल ने कैंसर के इलाज में ऑपरेशन के बाद भी आठ से दस लाख का खर्च आता है। डोरिस की रिपोर्ट दो-तीन दिन बाद आएगी तो ही इलाज का खर्च पता चल सकेगा। उन्होंने बताया डोरिस फ्रांसिस का इलाज मुफ्त में किया जाएगा।
मदद के लिए आगे आए 70 सोसायटीज के लोग
डोरिस की मदद के लिए टीएचए की करीब 70 सोसायटीज के लोग आगे आए हैं। हर सोसायटी से पैसे जमा कर डोरिस के पति के अकाउंट में जमा किए जा रहे हैं ताकि उन्हें इलाज में कोई परेशानी न आए। एओए की ओर से अब तक एक लाख की राशि इकट्ठा की जा चुकी है।
डोरिस फ्रांसिस की मदद के लिए आगे आए सपा नेता
कैंसर से पीड़ित समाज सेविका डोरिस फ्रांसिस की मदद के लिए समाजवादी छात्र सभा के नेता आगे आए हैं। छात्र सभा के जिलाध्यक्ष प्रवेश बैसोया और यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष अमन यादव ने बुधवार को डोरिस के घर जाकर उनके पति विक्टर फ्रांसिस से मुलाकात की।
उन्होंने डोरिस के पति की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराकर आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। प्रवेश बैसोया ने अपनी ओर से भी उनकी आर्थिक मदद की।