फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए आज से घर-घर दस्तक

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। बदलते मौसम के बीच स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सोमवार से घर-घर जागरूकता अभियान शुरू करेगा। 1300 आशा और 400 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लोगों को बीमारी के लक्षण, संक्रमण से बचाव और लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच व उपचार कराने के बारे में जानकारी देंगे। शहरी क्षेत्र के स्कूलों में भी स्वास्थ्य कर्मी बच्चों को स्वाइन फ्लू से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे।
विज्ञापन

जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 32 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें एक मरीज हापुड़ का रहने वाला है। बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए लोगों को शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने और चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए जागरूक किया जाएगा। घर-घर अभियान के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता लोगों को खुद से दवा लेने के बजाय लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह देंगे।
बच्चों को बताएंगे हाथ धोने और दूरी बनाए रखने के तरीके
स्कूलों में चलने वाले अभियान के दौरान बच्चों को हाथों की नियमित सफाई, खांसते व छींकते समय नाक-मुंह ढकने और बीमार होने पर दूसरों से दूरी बनाए रखने की जानकारी दी जाएगी। बच्चों को तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षणों के बारे में भी बताया जाएगा। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर अभिभावकों को इसकी जानकारी देने और चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला सर्विलांस अधिकारी ने बताया कि स्वाइन फ्लू की जांच को लेकर शासन स्तर पर वार्ता चल रही है। जरूरत पड़ने पर जिले में जांच की सुविधा शुरू कराई जाएगी। विभाग का जोर जागरूकता बढ़ाने व संभावित मरीजों को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराने पर है।
विज्ञापन
विज्ञापन

इस तरह फैल सकती है बीमारी
- संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली बूंदों के संपर्क में आने से।
- लक्षण वाले और संक्रमित व्यक्ति के बेहद करीब रहने से।
- संक्रमित सतह या वस्तु को छूने के बाद बिना हाथ धोए आंख, नाक या मुंह छूने से।
- भीड़भाड़ वाले स्थानों और बंद कमरों में लंबे समय तक रहने से।

ऐसे करें बचाव
- खांसते या छींकते समय नाक और मुंह को रूमाल या टिश्यू से ढकें।
- साबुन और पानी से लगातार हाथ धोएं।
- बुखार या खांसी होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
- बीमार व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद हाथ साफ किए बिना चेहरे को न छुएं।
- लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से संपर्क करें और सलाह का पालन करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें