अमर उजाला फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा शनिवार को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के मौके पर ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। शिविर से पहले रक्तदान के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स सहित स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
उसके बाद रक्तदान शिविर में 35 यूनिट ब्लड एकत्र किया गया।राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर सुबह दस बजे से एमएमजी से एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को एमएमजी के सीएमएस डॉ. जेके त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एनसीसी कैडे्टस सहित वीएमएलजी कॉलेज की छात्राएं, एमएमएच कॉलेज और डीपीएस गाजियाबाद के स्टूडेंट्स रैली में शामिल हुए। रक्तदान एक यज्ञ है मानवता के नाम, आहुति अनमोल है लगे न कोई दाम..., आओ करें रक्तदान, हो स्वस्थ भारत का निर्माण..., एक रक्तदान बचाए चार जान... आदि नारे लगाते हुए 200 से अधिक छात्र-छात्राएं और कैडेट्स एमएमजी से निकले।
दिल्ली गेट, घंटाघर होते हुए वापस छात्र एमएमजी पहुंचे। इसके बाद लगे कैंप में रक्तदान करने वालों में सबसे अधिक युवा शामिल रहे। अधिकतर छात्रों ने पहली बार रक्तदान किया, जिसमें सुमित कुमार, उत्कर्ष फुलुके, शादाब, विशाल और मुकेश शामिल रहे। यह सभी अमर उजाला में न्यूज पढ़कर रक्तदान करने आए थे।
इनके अलावा विजय नगर के कृष्ण कुमार ने भी रक्तदान किया वह अब तक 17 बार रक्तदान कर चुके हैं। अमर उजाला के कैंप में अधिकतर रक्तदान करते हैं।मौके पर मुख्य रूप से ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. एके दुआ, डॉ. एके तोमर, डॉ. संजीव पवार सीओ संजय पात्रा, सीओ पीसी सोनी, डॉ. विनोद कुमार, योगेंद्र और संगीता आदि मौजूद रहे।
अब तक 17 बार रक्तदान कर चुका हूं। हर तीन महीने के बाद रक्तदान करता हूं। किसी को इमरजेंसी में जरूरत होती है तो बीच में भी रक्तदान कर देता हूं।
-डॉ. विनोद कुमार, ब्लड बैंक में काउंसलर
न्यूज पेपर पढ़कर रक्तदान करने मुरादनगर से आया हूं। यहां आकर रक्तदान करने के फायदों की भी जानकारी मिली। अब हमेशा रक्तदान करूंगा।
- शादाब, मुरादनगर, स्टूडेंट
पहली बार रक्तदान करने में डर तो लग रहा था। रक्तदान करके अच्छा लगा यह सोचकर कि जीवन बचाने में मैं भी किसी के काम आ सकता हूं।
विशाल , विजय नगर, स्टूडेंट
पिछले साल से रक्तदान करने की सोच रहा था लेकिन 18 वर्ष पूरे नहीं हुए थे। इस बार 18 साल का होते ही रक्तदान करने चला आया।
उत्कर्ष फुलुके, छात्र
आज भी एमएमजी में लगेगा रक्तदान कैंप
गांधी जयंती के अवसर पर भी अमर उजाला फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से रविवार को भी रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। रक्तदान शिविर एमएमजी स्थित ब्लड बैंक में सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। बता दें कि अमर उजाला फाउंडेशन के महादान अभियान के तहत अब तक 18 कैंप लग चुके हैं, जिसमें गांवों में भी कैंप लगाए गए हैं। सभी शिविरों में को मिलाकर अभी तक 900 यूनिट ब्लड एकत्र हो चुका है।