गाजियाबाद। शिवरात्रि पर शहर में कांवड़ियों की आवाजाही के बीच कुत्तों के हमले की घटनाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अलग-अलग इलाकों में कुत्तों के काटने से पांच कांवड़ियों समेत 49 लोग घायल हो गए। हमले के बाद सभी लोग उपचार के लिए एमएमजी अस्पताल और संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई और निर्धारित समय पर इसकी सभी डोज लगवाने की सलाह दी।
एमएमजी अस्पताल में कुत्ते के काटने के बाद 28 लोग उपचार के लिए पहुंचे। इनमें बजरिया निवासी चार वर्षीय आदित्य, माधोपुरा निवासी 55 वर्षीय रामआसरे, 32 वर्षीय सुशील और प्रताप विहार निवासी 22 वर्षीय विवेक समेत पांच कांवड़िए शामिल रहे। अस्पताल में सभी को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई। डॉक्टरों ने मरीजों को वैक्सीन की बाकी डोज तय समय पर लगवाने के लिए शेड्यूल भी बताया। वहीं संजयनगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल में भी कुत्तों के काटने के 21 मामले सामने आए। यहां पहुंचे सभी लोगों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाने के बाद आगे की तीन डोज का शेड्यूल दिया गया। चिकित्सकों ने घाव को साफ रखने और वैक्सीन का पूरा कोर्स करने पर विशेष जोर दिया।
शिवरात्रि पर अवकाश होने के कारण दोनों अस्पतालों की ओपीडी मंगलवार को सुबह 11 बजे तक ही संचालित हुई। एमएमजी अस्पताल में 358 और संयुक्त जिला अस्पताल में 236 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। ओपीडी में बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी और पैरों में दर्द की शिकायत वाले सामान्य मरीज अधिक रहे। चिकित्सकों ने जांच के बाद जरूरत के अनुसार दवा दी और आराम की सलाह देकर मरीजों को घर भेज दिया।