गाजियाबाद। संजयनगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल में डॉक्टर के समय से ओपीडी में नहीं पहुंचने का वीडियो वायरल हो रहा है। जबकि ओपीडी के बाहर महिला और बुजुर्ग मरीजों की लंबी लाइन लगी हैं।
सोमवार को अस्पताल की ओपीडी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें एक मरीज बता रहा है कि कमरा नंबर दस की ओपीडी में सुबह सात बजे से लाइन लगी है। चिकित्सक के बैठने का समय सुबह आठ बजे से हैं, लेकिन 8:45 तक कोई डॉक्टर नहीं आया। इस कारण से मरीज परेशान हैं। यह रोजाना की स्थिति है। वीडियो में दिखाया गया है कि ओपीडी की लाइन में बुजुर्ग और महिलाएं भी खड़ी हैं और चिकित्सक के कमरे की कुर्सी खाली पड़ी है।
अस्पताल के सीएमएस डाॅ. संजय गुप्ता का कहना है कि चिकित्सक अस्पताल पहुंचने पर सबसे पहले वार्ड में भर्ती मरीजों की जांच के लिए जाते हैं। उसके बाद ओपीडी में आते हैं। कई बार भर्ती मरीज ज्यादा होने पर चिकित्सकों को वार्ड में ज्यादा समय लग जाता है। लेकिन इस पर ध्यान दिया जाएगा कि मरीजों को ज्यादा देर इंतजार न करना पड़े।