इंदिरापुरम। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में वसंधुरा स्थित एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के पास कार सवार कुछ लोगों ने एक डॉक्टर का रास्ता रोककर गाली-गलौज की। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने मारपीट की और लूट का प्रयास किया। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित डॉक्टर दीप कुमार सिंघल निवासी वसुंधरा सेक्टर-1 ने पुलिस को बताया कि 18 अगस्त की रात करीब 10 बजे अपनी कार से घर जा रहे थे। तभी एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के पास उन्हें सफेद रंग की कार साइड से आती दिखाई दी।
आरोप है कि कार में सवार लोगों ने उनकी कार के आगे अपनी गाड़ी लगाकर रास्ता रोक दिया और एक आरोपी नीचे उतरा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने डॉक्टर को लात-घूंसों और थप्पड़ से पीटा। इसी दौरान दो अन्य आरोपी भी कार से उतरकर आए और उनके साथ मारपीट करने लगे थे।
उन्होंने आरोपियों का फोटो निकालने के लिए अपना मोबाइल फोन निकाला तो आरोपियों ने उनका मोबाइल छिनने की कोशिश भी की। डॉक्टर का आरोप है कि आरोपियों ने अपनी गाड़ी की डिग्गी खोलकर हथियार निकालने का प्रयास भी किया, लेकिन आसपास लोगों की मौजूदगी बढ़ने पर वे कार लेकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना 112 पर दी और आरोपी कार की फोटो पुलिस को उपलब्ध कराई। पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए घटना स्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।