डीएम और एसएसपी ने बुधवार को कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम मोदीनगर को एक सप्ताह में कांवड़ मार्ग के चौड़ीकरण कार्य को पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएम विमल कुमार शर्मा और एसएसपी के एस इमेनुएल के साथ बुधवार दोपहर करीब एक बजे मुरादनगर गंगनहर सड़क मार्ग होते हुए कांवड़ मार्ग पहुंचे।
उन्होंने अफसरों के साथ मुरादनगर से जानी पुल तक कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान मुरादनगर से जानी पुल तक सड़क चौड़ीकरण कार्य को जल्द पूरा कराने के साथ अफसरों को कई निर्देश दिए।
उन्होंने ईओ मुरादनगर शमीम अहमद को कांवड़ मार्ग पर झाड़ियों को कटवाकर कच्चा मार्ग समतल कराने के साथ सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने को कहा। साथ ही कांवड़ मार्ग पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट ठीक कराने के निर्देश दिए। डीएम ने विद्युत विभाग के एक्सईएन सोमदत्त शर्मा से कांवड़ मार्ग पर स्थित ट्रांसफार्मरों को जाली लगाकर कवर्ड कराने को भी कहा।