गाजियाबाद। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जिसमें ई-रिक्शा में सफर के दौरान एक युवक के 50 हजार रुपये चोरी हो गए। आरोप है कि पहले से सवार एक महिला ने पैर का अंगूठा दबाकर उसका ध्यान भटकाया और इसी दौरान पन्नी में रखे रुपये निकाल लिए।
न्यू पंचवटी कॉलोनी निवासी अरविंद मिश्रा ने बताया कि करीब 11 बजे वह अशोक नगर स्थित डाकघर से अपने खाते से 50 हजार रुपये निकालकर पन्नी में रखकर घर लौट रहे थे। वे ई-रिक्शा से राकेश मार्ग होते हुए श्याम फार्मेसी के पास जीटी रोड की ओर जा रहे थे।
पीड़ित के अनुसार, ई-रिक्शा में पहले से दो महिलाएं बैठी थीं, जिनमें से एक के साथ एक बच्चा भी था। इसी दौरान एक महिला ने अचानक उनके पैर का अंगूठा जोर से दबा दिया। इससे उनका ध्यान भटक गया। आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर महिलाओं ने पन्नी से 50 हजार रुपये निकाल लिए।
ई-रिक्शा से उतरने के बाद अरविंद मिश्रा को रुपये गायब होने का पता चला, जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात महिलाओं के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।