वेव सिटी क्षेत्रांतर्गत आदित्य वर्ल्ड सिटी स्थित एपाइंटमेंट टावर के सातवें तल के फ्लैट में शनिवार देर रात एक दुखद हादसा सामने आया है। टावर के फ्लैट नं 701 में रहने वाले 36 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विकास चौहान पुत्र चन्द्रभान ने अपने कमरे में गले में फंदा लगाकर पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि, विकास चौहान नोएडा की एक कंपनी में काम करते थे, कुछ समय पूर्व उनकी नौकरी छूटने के बाद उन्हें दूसरी जगह नौकरी नहीं मिल रही थी, लंबे समय से आर्थिक तंगी से परेशान चल रहे थे।
बताया जा रहा है कि इसी मानसिक तनाव और आर्थिक संकट से तंग आकर उन्होंने शनिवार रात करीब 1 बजे यह आत्मघाती कदम उठाया। परिवार में माता-पिता के अलावा उनकी पत्नी और एक 6 वर्षीय बेटा है। एसीपी का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और मृतक के परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के सही कारणों का विस्तृत पता लगाया जा सके।