पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के छिजारसी पुल के पास स्थित एक होटल पर खाना आर्डर देने के विवाद में होटल मालिक व उसके स्टाॅफ और कुछ युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि युवकों ने होटल में जमकर तोड़फोड़ कर उनके काउंटर भी पलट दिए। पुलिस चार युवकों को हिरासत में लेकर मामले में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार छिजारसी पुल के पास अंकुर चौधरी फास्ट फूड सेंटर के नाम से होटल स्थित है। रविवार की दोपहर बाद कुछ युवक यहां पहुंचे और होटल कर्मचारी को खाने का आर्डर दिया। आर्डर देने के बाद होटल मालिक व उसके स्टाॅफ और युवकों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई।
आरोप है कि युवकों ने होटल में जमकर तोड़फोड़ की और काउंटर आदि भी पलट दिए। मारपीट में कई लोग घायल भी हो गए। झगड़ा से होटल में ग्राहकों में अफरातफरी मच गई और वह बाहर की तरफ भाग खड़े हुए। झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस युवकों को कोतवाली ले और मामले में पूछताछ कर रही है।
सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि होटल में झगड़े की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चार युवकों को हिरासत में ले लिया था। पुलिस युवकों से मामले में पूछताछ कर रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।