मसूरी। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हवा हवाई रेस्टोरेंट के पास बने सीएनजी पंप पर गैस के रेट को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद पंप कर्मचारियों ने युवक के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संजय कॉलोनी अर्थला के रहने वाले विष्णु कुमार ने बताया कि वह 13 अप्रैल की शाम को अपने रिश्तेदार दिनेश, विनोद और सतेंद्र के साथ कार में गैस भरवाने के लिए सीएनजी पंप पर गए थे।
गैस के प्रेशर और कीमत को लेकर कुछ बातचीत हो रही थी। इसी बात पर वहां मौजूद सीएनजी भरने वाले कर्मचारी उग्र हो गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे उनके चेहरे पर चोट आई है। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। यह पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
पीड़ित ने इस मामले में शनिवार रात को मसूरी पुलिस को लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। एसीपी मसूरी ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल घटना की जांच करके और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।