गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाया। इस मौके पर विजेता बच्चों को पदक व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीडीओ अभिनव गोपाल ने निजी स्कूलों के विद्यार्थियों और प्रधानाचार्यों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए।
बुधवार को लोहियानगर स्थित गुरु नानक कन्या इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में दिव्यांगता के क्षेत्र में कार्यरत 22 स्वयंसेवी संस्थाओं सहित प्राथमिक उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में अध्ययनरत कुल 650 दिव्यांग बच्चों के लिए खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीडीओ अभिनव गोपाल ने कहा कि निजी स्कूलों को भी दिव्यांग बच्चों के प्रति संवेदनशीलता का एहसास हो सके। इन बच्चों के शिक्षा के प्रति जागृति पैदा हो सके। उन्होंने सभी सरकारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को ऐसे बच्चों के उन्नयन के लिए कोई भी सुझाव देने के लिए आमंत्रित किया।
दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन से मदद के लिए उनसे संपर्क करने के लिए कहा गया। बच्चों ने सामूहिक नृत्य, बाच्ची बॉल, नींबू चम्मच दौड़, थीम आधारित फैंसी ड्रेस, रस्साकशी, चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता हिस्सा लिया। इसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को मोमेंटो, पदक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बीएसए ओपी यादव, सह जिला विद्यालय निरीक्षक सतीशचंद्र पांडेय, जिला समन्वयक (माध्यमिक शिक्षा) पवन कुमार भाटी, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी विकास बघेल, गुरुनानक कन्या इंटर कॉलेज के प्राचार्य अनीता पंवार आदि मौजूद रहे।