गाजियाबाद। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार को 10 क्विंटल खराब पनीर नष्ट कराया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरेश कुमार मिश्र ने बताया कि बुधवार रात 1:30 बजे कौशांबी पुलिस और खाद्य सुरक्षा टीम ने डाबर चौराहे पर बोलेरो पिकअप पकड़ी। गाड़ी में 10 प्लास्टिक ड्रमों में पनीर भरा था।
जांच में सामने आया कि पनीर गंदे ड्रम और गंदे पानी में रखा था। सही तापमान में न रखने से पनीर खराब होने की स्थिति में था। टीम ने पहले दो नमूने लिए, फिर लगभग तीन लाख रुपये कीमत का 10 क्विंटल पनीर गड्ढे में डलवाकर नष्ट कराया। यह पनीर हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर स्थित मेसर्स इकरार डेयरी, हिम्मतपुर गांव से लाया जा रहा था।
सुरेश मिश्र ने बताया कि शासन के निर्देश पर आइसक्रीम कंपनियों का विशेष निरीक्षण भी किया गया। साहिबाबाद की एक फर्म से संदेह के आधार पर 7 आइसक्रीम के नमूने लिए गए। दिल्ली-मेरठ रोड स्थित फर्म से रबड़ी कुल्फी, बटर स्कॉच फ्लेवर और स्प्रेड ड्राइड डेयरी क्रीम के 3 नमूने लिए गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय ने कहा कि गर्मी में बीमारियों के खतरे को देखते हुए दूध और दूध से बने उत्पादों का भंडारण और निर्माण मानकों के अनुरूप है या नहीं, यह देखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पिछले दो दिन में यह कार्रवाई हुई है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।