साहिबाबाद। सर्दियों से पहले प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। एनजीटी में चल रहे एक मामले में यूपीपीसीबी ने अपनी नई रिपोर्ट सौंपी है, इसमें जनपद में चल रहे 625 होटल, मॉल, रेस्तरां और बैंक्वेट हॉल का ब्योरा दिया है।
यूपीपीसीबी की रिपोर्ट में जनपद में 625 इकाइयों की वर्तमान स्थिति के बारे में बताया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि इनमें से 384 का सर्वेक्षण अभी बाकी है। 109 इकाइयों के पास संचालन की वैध सहमति है। 58 इकाइयों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस की सिफारिश हुई है, जबकि 15 को बंद करने के आदेश दिए गए हैं। 6 इकाइयों ने अपना संचालन बंद कर दिया है। यूपीपीबीसी ने यह रिपोर्ट पर्यावरणविद प्रसून पंत की याचिका के जवाब में दी है। गाजियाबाद में चल रहे होटल, रेस्तरां और फार्म हाउस में पीसीबी के नियमों का पालन न करने की शिकायत की गई थी। गत दो वर्षों से एनजीटी में इस मामले में सुनवाई हो रही है। मामले की अंतिम सुनवाई 13 अक्तूबर को होगी। 8 सितंबर को हुई सुनवाई में एनजीटी ने पीसीबी से होटल व रेस्तरां की रिपोर्ट मांगी थी। पीसीबी के क्षेत्रीय प्रबंधक अंकित सिंह ने बताया कि बोर्ड की ओर से सूची जमा कर दी गई है। यूपीपीसीबी की वर्तमान रिपोर्ट में 484 नई इकाइयों की सूची है। इन इकाइयों के पास इन्हें चलाने का लाइसेंस है। यह सूची सिटी मजिस्ट्रेट से प्राप्त की गई है। गाजियाबाद जिले में 442 नए प्रतिष्ठानों की पहचान की गई है। यूपीपीसीबी के पास पहले केवल 183 इकाइयों की जानकारी थी। अब तक कुल 283 इकाइयों का सर्वेक्षण किया जा चुका है।