मोदीनगर। निवाड़ी के कस्बा पतला में दो दिन पूर्व हुए बलवे के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से गुस्साए लोगों ने मंगलवार को तहसील मुख्यालय पर निवाड़ी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसीपी को ज्ञापन सौंपा है।
कस्बा पतला से ग्रामीण एकत्रित होकर मंगलवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे और जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि दो दिन पहले आरोपियों ने भाइयों को घर से बुलाकर बेरहमी से पिटाई की और फिर पीछा कर घर पहुंचकर हमला किया था। बलवे में दोनों भाई और चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने आरोपी सोनू, प्रशांत, बुद्धन, गोल्डा, चिंटू, पंकज व अक्षत पर बलवे की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि साठगांठ के कारण निवाड़ी पुलिस आरोपियाें को गिरफ्तार नहीं कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेताया कि अगर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो पुलिस कमिश्नर कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।