मोदीनगर। नगर की शास्त्रीनगर कॉलोनी निवासी राहुल कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। परिजनों ने राहुल के दोस्तोें पर जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को बचाने के लिए कार्रवाई नहीं कर रही है।
शास्त्रीनगर कॉलोनी की रहने वाली रूपा देवी सोमवार को तहसील मुख्यालय एसीपी मोदीनगर कार्यालय पहुंचीं। रूपा देवी ने बताया कि मई में उनके 21 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार को उसके दोस्त नहाने के बहाने के घर से ले गए थे। आरोपी शाम को राहुल को अचेत अवस्था में घर के बाहर फेंक कर फरार हो गए थे। राहुल को चिकित्सकों के पास लेकर पहुंचे तो वहां मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने राहुल के शरीर गहरी चोट होने की बात बताई। रूपा देवी ने आरोप लगाया कि दोस्तों ने राहुल की पिटाई कर उसको जहर देकर मार दिया। रूपा का आरोप है कि पुलिस आरोपियों से साठगांठ के कारण उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।