कई केंद्रों पर वैक्सीन का टोटा, शासन से नहीं भेजी गई वॉयल
गाजियाबाद। जिले में कई कोरोना टीकाकरण केंद्रों पर दोपहर बाद लाभार्थियों का टीकाकरण नहीं हो पा रहा है। संक्रमण बढ़ने के साथ ही टीकाकरण कराने के लिए लोगों की संख्या बढ़ी है। इससे वैक्सीन की कमी भी देखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वैक्सीन की वेस्टेज रोकने के लिए कुछ जगह दोपहर बाद वॉयल नहीं खोली जा रही है। टीका लगवाने वालों की संख्या को देखते हुए ही वॉयल खोली जाती है। वैक्सीन की वेस्टेज रोकने के लिए शासन के निर्देशानुसार कार्य किया जा रहा है।
कोरोना टीकाकरण के लिए कम से कम दस लाभार्थियों के रहने पर ही वॉयल खोली जाती है। ऐसे में कुछ केंद्रों पर टीकाकरण कराने वाले लोगों की संख्या भी कम रह जाती है। सात लाभार्थी होने पर भी वॉयल को नहीं खोला जाता। सूत्रों के मुताबिक वैक्सीन स्टोर में भी बहुत कम मात्रा में वैक्सीन बची है जबकि शासन से अभी वैक्सीन की नई खेप नहीं भेजी गई है। टीकाकरण केंद्रों पर उपलब्ध वैक्सीन से कार्य चलाया जा रहा है। सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि लक्ष्य के आधार पर जिले में पर्याप्त वैक्सीन है। टीकाकरण के लिए लोगों की संख्या कम होने पर अगले दिन का समय दिया जाता है।
----------
30 हजार अतिरिक्त वैक्सीन बफर में रखने के निर्देश :
जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बुधवार को इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम में कोरोना की रोकथाम को लेकर चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य अधिकारियों को तीस हजार अतिरिक्त वैक्सीन बफर में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अभी लोगाें को टीकाकरण संबंधी जानकारी न होने से असमंजस की स्थिति बनी है। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कोराना की रोकथाम को लेकर प्रतिदिन कंट्रोल रूम से समीक्षा की जा रही है। रोकथाम को लेकर जो भी शासनादेश प्राप्त होंगे, उनकी ब्रीफिंग प्रतिदिन की जाए।
--------
अस्पतालों में बढ़ी है मरीजों की संख्या :
अस्पतालों में पिछले दस दिनों में मरीजों की संख्या बढ़ी है। कुछ निजी अस्पतालों में बेड न होने की बात मरीजों को कही जा रही है। बुधवार तक जिले में 168 संक्रमित मरीजों का होम आईसोलेशन में इलाज चल रहा है। जबकि संतोष मेडिकल कॉलेज में 56, यशोदा कौशांबी में 41, यशोदा अस्पताल नेहरूनगर में 32, ली-क्रिस्ट हॉस्पिटल में 21, गणेश अस्पताल में 17, नरेंद्र मोहन अस्पताल में 18 और गायत्री हॉस्पिटल में 19 कोरोना संक्रमित भर्ती हैं।