गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के पूर्वाभ्यास मद्देनजर गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार रात आठ बजे से रिहर्सल के खत्म होने तक दिल्ली की सीमाओं को सील करने और सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा 14 अगस्त की रात आठ बजे से 15 अगस्त तक व्यावसायिक वाहनों का दिल्ली में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध लाल किला पर कार्यक्रम संपन्न होने के बाद हटेगा।
एडीसीपी यातायात पीयूष सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के लाल किला पर होने वाले कार्यक्रम की सुरक्षा के मद्देनजर डायवर्जन करने का निर्णय लिया गया है। एनएच-9, डाबर तिराहा से यूपी गेट होते हुए, मोहननगर से सीमापुरी बॉर्डर होते हुए, भोपुरा बॉर्डर से, पुस्ता खजूरी, सूर्यनगर बॉर्डर की ओर से दिल्ली में प्रवेश दोनों दिन बंद रहेगा। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे से मेरठ की तरफ से आने वाले वाहन केवल एबीईएस कट तक ही आ सकते हैं। उनको यहां से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।
व्यावसायिक वाहनाें को बुलंदशहर होकर निकाला जाएगा
श्रावण मास के सोमवार के मद्देनजर हापुड़ के ब्रजघाट में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए गाजियाबाद से गढ़मुक्तेश्वर, अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली जाने के लिए व्यावसायिक वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरलवे से बुलंदशहर होकर निकाला जाएगा। सोमवार रात को भीड़ कम होने व हापुड़ से इनपुट मिलने के बाद प्रतिबंध हटाया जाएगा।
आज दूधेश्वरनाथ मंदिर की ओर जाने से बचें
श्रावण मास के चाैथे सोमवार पर दूधेश्वरनाथ मंदिर पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए घंटाघर फ्लाईओवर से नीचे जस्सीपुरा, हापुड़ तिराहा की ओर से किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। विजयनगर की ओर से आने वाले वाहनों को गाैशाला अंडरपास से आगे दूधेश्वरनाथ मंदिर तक आने की अनुमति नहीं होगी। विजयनगर की ओर से आने वाले वाहनो को आर्मी मैदान में पार्क कराया जाएगा। वहीं, जीटी रोड की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन रामलीला मैदान में पार्क कराए जाएंगे।
असुविधा पर इन नंबर पर कर सकते हैं संपर्क
यातायात हेल्पलाइन नंबर-9643322904
यातायात निरीक्षक प्रथम एनएच-9-7651812922
यातायात निरीक्षक चतुर्थ यूपी बॉर्डर क्षेत्र-7398000808
यातायात निरीक्षक पंचम मोहननगर क्षेत्र-9568739891
यातायात निरीक्षक छह लोनी क्षेत्र-9219005151