दिल्ली के बेहद करीब आवास एवं विकास परिषद लोगों को अंजतापुरम योजना में सस्ते फ्लैटों का तोहफा देने जा रहा है। परिषद ने योजना में दो हजार एलआईजी और दो हजार ईडब्ल्यूएस फ्लैट लांच करने की तैयारी कर ली है।
परिषद अधिकारियों का कहना है कि किसानों को जमीन का मुआवजा दिया जा चुका है। ऐसे में अब यहां एलआईजी और ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की योजना लांच करने की तैयारी है। जमीन का कब्जा पूरा नहीं होने के कारण योजना लांच करने में देरी हो रही है।
आवास एवं विकास परिषद के एडिशनल कमिश्नर आरपी सिंह ने बताया कि प्रशासन से बातचीत कर पूरी योजना की जमीन पर कब्जा जल्द ही ले लिया जाएगा। इसके तुरंत बाद अजंतापुरम में सस्ती आवासीय योजना लांच की जाएगी।
दुर्बल आय वर्ग के लिए छह से आठ लाख हो सकता है रेट
अधिकारियों का कहना है कि दुर्बल आय वर्ग के लिए दो हजार ईडब्ल्यूएस फ्लैट लांच किए जाएंगे। इनका रेट छह से आठ लाख रुपये रखा जा सकता है। हालांकि अभी रेट पर अंतिम निर्णय होना बाकी है। एलआईजी फ्लैट का रेट भी 14-16 लाख रुपये रहने के आसार हैं।
दो साल में तैयार होंगे ईडब्ल्यूएस फ्लैट
फ्लैटों का निर्माण दो साल में पूरा होगा। अगर इस माह जमीन पर कब्जा मिल जाता है तो दिवाली पर योजना लांच की जा सकती है। इसके बाद ड्रॉ और अन्य कार्रवाई होगी।