मुरादनगर में ग्राम पंचायत अधिकारी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पति की मृत्यु के बाद प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया तो पत्नी का ही प्रमाणपत्र बना दिया। महिला ने जब शिकायत की तो गलती में सुधार करने की बजाय उसे धमकाया गया। अधिकारी इस मामले पर पर्दा डालने में लगे हैं।
गांव मोहम्मदपुर कदीम निवासी महिला साधना त्यागी परिवार के साथ रहती हैं। उनके पति कपिल त्यागी की 16 अक्तूबर 2021 को मौत हो गई थी। साधना ने मुरादनगर विकास खंड कार्यालय में पति के मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि दो महीने बाद भी प्रमाणपत्र जारी नहीं किया गया।
मगर शनिवार को मृत्यु प्रमणापत्र ऑनलाइन जारी कर दिया गया। लेकिन जब साधना ने मृत्यु प्रमाणपत्र देखा तो वह हक्की-बक्की रह गई क्योंकि प्रमाणपत्र उसके पति का न होकर उसी के नाम से बना दिया गया था।
खंड विकास अधिकारी सुधीर कुमार का कहना है कि मामला उसके संज्ञान में नहीं है। ऐसी त्रुटि की संभावना जन सेवा केंद्रों पर आवेदन करते वक्त रहती है। यदि ऐसी गलती हुई है तो जांच कराई जाएगी कि ऐसा कैसे हुआ। सोमवार को दूसरा प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाएगा।