गाजियाबाद। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियों के तहत माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों, प्रधानाचार्यों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का डाटा अपलोड और अपडेट करने की समयसीमा रविवार को समाप्त हो गई। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सभी विद्यालयों को निर्धारित समय तक पोर्टल पर कर्मचारियों का अद्यतन विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए थे। अब इसी डाटा के आधार पर बोर्ड परीक्षा से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए शिक्षकों और कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी।
डीआईओएस बुद्धप्रिय सिंह ने बताया कि जिले के राजकीय और एडेड माध्यमिक विद्यालयों में करीब 900 शिक्षक कार्यरत हैं। शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को शामिल करने पर इनकी कुल संख्या करीब 1200 हो जाती है। वहीं, वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का आंकड़ा इससे अलग है। परिषद के निर्देशों के अनुसार सभी विद्यालयों को 15 नवंबर तक अपने यहां कार्यरत शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का डाटा पोर्टल पर अपलोड और अपडेट करना था।
उन्होंने बताया कि इस डाटा का इस्तेमाल हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए परीक्षकों की नियुक्ति, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन, कक्ष निरीक्षण और परीक्षा संबंधी अन्य जिम्मेदारियां सौंपने में किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के कंप्यूटरीकृत पहचान पत्र भी तैयार किए जाएंगे। पोर्टल पर कर्मचारियों का नाम, पदनाम, जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि, मोबाइल नंबर और शैक्षिक अर्हता सहित अन्य विवरण दर्ज करना अनिवार्य था।