मोदीनगर। नगर के गांव सीकरी खुर्द स्थित प्रसिद्ध व पौराणिक महामाया देवी चैत्र नवरात्र में मेले में द्वितीय नवरात्र पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर के आसपास कीचड़ के कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर पालिका परिषद ने शीघ्र व्यवस्था दुरुस्त करने का दावा किया।
ऐतिहासिक महामाया देवी मेले में पहुंचे भक्ताें ने मां ब्रह्मचारिणी की पूजा आराधना की। पंड़ित देवेन्द्र शास्त्री ने बताया कि मां ब्रह्मचारिणी नवरात्रि का दूसरा स्वरूप हैं, जो तपस्या, त्याग और संयम का प्रतीक हैं। पार्वती रूप में भगवान शिव को पाने के लिए उन्होंने वर्षों तक घोर तपस्या की। इससे उन्हें यह नाम मिला। भक्तों ने मां को नारियल, चुनरी, लौंग इलायची, जायफल और सुपारी चढ़ाकर पूजा अर्चना की। श्रद्धालुओं ने ऐतिहासिक वट वृक्ष पर मन्नत का धागा बांधा।
कुछ श्रद्धालुओं ने महामाया देवी मंदिर के मुख्य भवन में बैठे पुजारियों पर प्रसाद के साथ दक्षिणा चढ़ाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया। इससे जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मंदिर प्रशासन के अनुसार मेले में लगभग 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की।