साहिबाबाद। गणेश चतुर्थी के लिए गणेश भगवान की प्रतिमाएं खरीदने के लिए सोमवार को जीटी रोड पर बने पंडालों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। साहिबाबाद थाने से लेकर राजेंद्र नगर तक सड़क पर वाहनों की दोनों ओर लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। साथ ही सुबह के समय ऑफिस जाने वाले लोगों को भी जाम के कारण देरी हुई।
जीटी रोड के किनारे साहिबाबाद रेलवे स्टेशन रोड पर गणेश प्रतिमाओं की दुकानें और स्टॉल व पंडाल लगे होने के कारण बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। साथ ही कुछ लोग डीजे व बैंडबाजे के साथ बप्पा को लेने के लिए पहुंचे थे। लोगों ने सड़क किनारे वाहन खड़े कर दिए। इससे यातायात की रफ्तार धीमी हो गई। शाम के समय स्थिति ज्यादा खराब हो गई और वाहनों को रेंगकर निकलना पड़ा। जाम के कारण साहिबाबाद थाने से राजेंद्र नगर तक करीब 10 मिनट में तय होने वाली दूरी को पार करने में वाहन चालकों को करीब एक घंटे का समय लग गया। जाम में फंसे लोगों का कहना था कि त्योहार के चलते बाजार में भीड़ बढ़ने की पहले से संभावना थी लेकिन यातायात व्यवस्था पर्याप्त नहीं रही। उधर, इस संबंध में डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन का कहना है कि लोगों की खरीदारी के कारण वाहन सड़क पर खड़े कर दिए थे। जिन्हें बाद में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर हटवाया और जाम को खुलवाया।
गणेश चतुर्थी का त्योहार नजदीक होने के कारण लोग बड़ी संख्या में गणेश भगवान की मूर्तियां खरीदने के लिए निकले थे। जीटी रोड पर मूर्तियों की कई दुकानें लगी हुई हैं, जो ग्राहकों को आकर्षित करती हैं। इन दुकानों पर खरीदारी के लिए रुकने वाले वाहनों ने सड़क जगह घेर ली, जिससे जाम की स्थिति पैदा हुई। इस जाम के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूरदराज से आने वाले यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।