कलक्ट्रेट में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब नंदग्राम निवासी एक महिला जहरीला पदार्थ निगलकर डीएम कार्यालय पहुंच गई। जिलाधिकारी के कार्यालय में करीब सुबह साढ़े 11 बजे एसडीएम गजेंद्र सिंह जन सुनवाई कर रहे थे। महिला ने अपना शिकायती पत्र मेज पर रखकर कहा कि ‘साहब! पुलिस लगातार चक्कर कटवा रही है। आज तो तंग आकर जहर खाकर आई हूं।’
इतना कहते ही महिला बेहोश होकर गिर पड़ी। एसडीएम ने आनन-फानन में महिला को अपनी गाड़ी से एमएमजी अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। जहां इलाज के बाद महिला की हालत में सुधार आया।
महिला के पास से आईडी कार्ड व दो मोबाइल फोन मिले, जिससे उसकी पहचान नंदग्राम निवासी रेखा (30) के रूप में हुई है। सूचना पाकर महिला का भाई अस्पताल में पहुंच गया।
महिला के पास से बरामद मोबाइल, आईडी कार्ड थाना कविनगर पुलिस को सौंप दिया गया है, साथ ही महिला के शिकायती पत्र पर सिहानी गेट थाना पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
एसडीएम ने बताया है कि महिला का आरोप है कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है, जिसकी शिकायत सिहानी गेट थाने में की थी, जहां से उसे महिला थाने भेज दिया गया। अब उसे दोनों थानों के बीच चक्कर कटाया जा रहा है। उधर, एसएचओ कविनगर नीरज कुमार सिंह का कहना है कि रेखा के पहले पति की मौत हो चुकी है, जिससे एक बेटा भी है।
महिला आरोप लगा रही है कि पहले पति की मौत के बाद उसने दूसरी शादी की है लेकिन जिस युवक से शादी की है वो छोड़कर चला गया है और उसने चोरी छिपे किसी और युवती से शादी कर ली है। हालांकि महिला जिस युवक के साथ शादी की बात कह रही है वो पुलिस के सामने पेश हो चुका है। उसका कहना है कि उसने रेखा से कोई शादी ही नहीं की है।