शालीमार गार्डन निवासी एक महिला का एटीएम बदलकर ठगों ने 18 हजार रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग कर ली। तहरीर मिलने पर पुलिस ने ठगों की तलाश शुरू कर दी है। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 निवासी सरिता शर्मा बुधवार दोपहर करीब एक बजे गौड़ प्लाजा चौक के पास एटीएम से रुपये निकालने गई थीं।
उनका नंबर आने पर भीड़ के कारण एक युवक उनकी मदद करने लगा, लेकिन एटीएम से रुपये नहीं निकले। इसके बाद वह घर लौट आईं। बृहस्पतिवार सुबह उनके मोबाइल में पांच मैसेज थे। मैसेज से पता चला कि अकाउंट से पांच बार में 18 हजार की ऑनलाइन शॉपिंग की गई है।
उन्होंने पर्स में से एटीएम निकाला तो वह किसी और का था। उन्होंने शालीमार गार्डन चौकी जाकर मामले की शिकायत दी, लेकिन चौकी पुलिस ने उन्हें ऑनलाइन एफआईआर करवाने को कहा। एसएचओ साहिबाबाद धीरेंद्र यादव ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल को ट्रांसफर कर दी जाएगी।