आईपी यूनिवर्सिटी की छात्रा से चलते ऑटो में छीना बैग
- फोटो : अमर उजाला
एक माह पहले वैशाली से पुराना बस अड्डा आते वक्त ऑटो में स्नैपडील की कंपनी सेक्रेटरी दीप्ति सरना के अपहरण का मामला ठंडा नहीं पड़ा था कि नई वारदात हो गई। ऑटो में वैशाली मेट्रो स्टेशन से बस अड्डे आ रही आईपी यूनिवर्सिटी की छात्रा का हैंड बैग बाइकर्स ने लूट लिया।
छात्रा ने हैंड बैग कसकर पकड़ा था, बाल बाल वह ऑटो से गिरने से बची। छात्रा को खराेंचें आई हैं। बैग में एक हजार रुपये, एटीएम कार्ड और आईडी कार्ड थे। छात्रा आशिमा अरोड़ा पॉश कालोनी राजनगर सेक्टर-छह में रहती है। उसके पिता राजीव अरोड़ा इलेक्ट्रानिक्स सामान की ट्रेडिंग करते हैं।
आशिमा ने बताया कि वह दिल्ली जनकपुरी स्थित महाराजा सूरजमल कॉलेज में पढ़ती है। वह बृहस्पतिवार रात कॉलेज से घर आ रही थी, कॉलेज में लेट हो गई थी। वैशाली मेट्रो स्टेशन पहुंचकर पिता को कॉल कर उसे पिक करने के लिए पुराना बस अड्डा बुलाया था।
ऑटो में बैठकर बस अड्डे आ रही थी। राजनगर एक्सटेंशन कट पर बदमाशों ने उसका बैग झपटा, बैग के साथ वह भी ऑटो से गिरते गिरते बची। हाथ में खरोंच आई, ऑटो की रॉड पकड़ने के कारण वह बच गई।
लुटेरों को पकड़ने के लिए शोर मचाया, लेकिन वह राजनगर एक्सटेंशन की ओर भाग गए। घटना से स्तब्ध छात्रा ने पिता को घटना की जानकारी दी तो उन्होंने सिहानी गेट पुलिस से शिकायत की। ऑटो चालक पर लुटेरों से मिलीभगत का संदेह जताया है। सिहानी गेट पुलिस मामले की जांच कर रही है, जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।