वसुंधरा सेक्टर-9 स्थित किसान चौक पर मंगलवार सुबह दो स्कूलों की बसों में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बस में सवार छठी कक्षा की छात्रा बस के गेट से सड़क पर आ गिरी। गनीमत रही कि बस का पहिया छात्रा पर नहीं चढ़ा। हादसे में कई छात्रों को मामूली चोटें आईं। उधर, सूचना मिलते ही अभिभावकों में हड़कंप मच गया।
अभिभावक मौके पर पहुंचे और बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर ले गए। अन्य छात्रों को बस से स्कूल छोड़ा गया।मंगलवार सुबह सात बजे सेक्टर-9 कर ओर से आ रही एवीबी पब्लिक स्कूल की बस किसान चौक पर टर्न ले रही बाल भारती स्कूल बृज विहार की बस से टकरा गई।
इस दौरान बस की गेट के पास बैठी बाल भारती स्कूल की छठी कक्षा की छात्रा कृति शर्मा बस से नीचे गिर पड़ी। गनीमत रही कि ड्राइवर ने बस नहीं चलाई, वरना छात्रा टायर के नीचे आ जाती। कृति के पैरों पर मामूली चोट आई है। वहीं, बसों के अंदर बैठे दर्जन भर बच्चों को टक्कर के झटके से हल्की चोटें आईं।
मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद बच्चे काफी घबरा गए और रोने लगे। इससे देखकर कुछ लोगों ने बच्चों से उनके माता-पिता के नंबर लिए और अभिभावकों को सूचना दी। सूचना पर अभिभावक पहुंचे और बच्चे को लेकर खुद ही स्कूल छोड़ने चले गए।
कृति के पिता प्रदीप ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। उनकी बेटी को मामूली चोट आई थी। बस में बैठे बच्चे काफी घबराए हुए थे। बाद में स्कूल प्रबंधन के लोग भी पहुंच गए। पुलिस में अभी तक कोई शिकायत नहीं दी गई है।
ड्राइवर ने लोगों से मांगी माफी
घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। यह देख एवीबी स्कूल बस का ड्राइवर घबरा गया। उसने लोगों से माफी मांगी। उसका कहना था कि अचानक बस सामने आ गई। उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन ब्रेक नहीं लगे। बाद में लोगों ने बस को स्कूल के लिए रवाना कर दिया।
एवीबी स्कूल के बच्चों को कोई चोट नहीं आई थी। एसएचओ इंदिरापुरम प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।