कलक्ट्रेट में तैनात एक जूनियर और एक सीनियर अफसर के बीच आजकल तल्खी का माहौल है। मामला दरअसल कुर्सी का है। सीनियर अफसर ने मामले की शिकायत डीएम से की है। कलक्ट्रेट के दो अफसरों के बीच कुर्सी को लेकर हुई यह लड़ाई चर्चा का विषय बनी हुई है।
क्लर्कों से लेकर अफसरों तक की टेबल पर चलने वाली चर्चाओं में सबसे ज्यादा ही बात शुमार है।दो अफसरों के बीच तनातनी का यह वाक्या बुधवार दोपहर का है। दरअसल, कलक्ट्रेट परिसर में बनी मल्टीलेवल पार्किंग ठेके की नीलामी बुधवार को थी। प्रशासन के एक सीनियर अफसर के ऑफिस में नीलामी प्रक्रिया हुई।
नीलामी में कुछ समय पहले ही मौके पर पहुंचे एक जूनियर अफसर ने अपने सीनियर की कुर्सी को खिसकाकर अलग कर दिया, जबकि एक नई कुर्सी वहां रखवाकर खुद उस पर बैठ गए। चाय-नाश्ते का दौर चल ही रहा था कि सीनियर अफसर भी अपने कार्यालय में पहुंच गए।
अपनी जगह एक जूनियर अफसर को बैठा देखकर सीनियर अफसर का पारा हाई हो गया। उन्होंने अपनी कुर्सी को एक तरफ किए जाने का कड़ा एतराज जताया। जानकारी मिली है कि इस मामले में जूनियर अफसर की शिकायत डीएम से की है। हालांकि इस मामले में प्रत्येक अफसर कुछ भी कहने से बच रहा है।