व्यापारी फुरकान की मौत अवैध संबंध और कर्ज के चलते की गई थी। रविवार को कविनगर पुलिस ने इस हत्याकांड से पर्दा उठा दिया। पुलिस ने दो युवतियों और एक युवक को गिरफ्तार किया है। तीनों कथित मीडियाकर्मी हैं।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने फुरकान की कार भी बरामद कर ली है। हालांकि कार में परिजनों द्वारा बताई 1.20 लाख की नगदी नहीं मिली है। सीओ सेकेंड मनीष मिश्र ने बताया कि संजयनगर सेक्टर-23 में रहने वाले चेतनराज त्यागी उर्फ राज उर्फ विराज त्यागी दुर्गा टावर से आनलाइन मीडिया पोर्टल संचालित करता है।
उसने अपनी सहयोगी के रूप में दो युवतियों को भी रखा हुआ है। फुरकान का चेतन के पास आना जाना था। इसी दौरान दोनों युवतियों से उसके अवैध संबंध हो गए थे। पुलिस की मानें तो सट्टेबाजी के धंधे से जुडे़ फुरकान ने एक युवती की अश्लील मोबाइल क्लिप भी बना ली थी।
इससे नाराज दोनों युवतियों ने चेतन के साथ मिलकर फुरकान से बदला लेने की योजना बनाई थी। वहीं, फुरकान पर सट्टे की वजह से कर्ज हो गया था। उसने राज से दो लाख रुपये भी ले रखे थे, जिन्हें वह चुका नहीं पा रहा था।
योजना के तहत 17 फरवरी की सुबह फुरकान से पार्टी की बात तय की। पार्टी पहले आफिस में ही तय की गई थी, मगर बाद में चेतन ने फोन पर फुरकान को अपने संजय नगर स्थित खाली पडे़ घर में बुलाया। यहां दोनों युवतियों के साथ ही एक अन्य युवती को भी बुलाया गया।
आरोपियों की योजना फुरकान और तीसरी युवती को नींद की गोली खिलाकर उनकी अश्लील क्लिप बनाने की थी। उन्होंने दोनों की कॉफी में नींद की गोली मिला दी। युवती तो गहरी नींद सो गई, मगर फुरकान अर्द्ध बेहोशी की हालत में था।
सीओ सेकेंड ने बताया कि चेतन ने फुरकान की हत्या करने से पूर्व जमकर शराब पी थी और फिर अपनी महिला सहयोगियों के साथ मिलकर फुरकान की गला घोंटकर हत्या कर दी। चेतन ने उसका गला घोंटा और दोनों युवतियों ने उसके हाथ व पांव पकड़े थे।
इसके बाद आरोपी 18 फरवरी को तड़के करीब चार बजे उसके शव को उसी की कार में डाल कर मुरादनगर निवाड़ी रोड स्थित गंगनहर पर ले गए। जहां उन्होंने फुरकान के शव और उसके मोबाइल फोन व अन्य सामान को नहर में फेंक दिया। बाद में 22 फरवरी को फुरकान का शव मसूरी गंगनहर से बरामद हुआ था।
कॉल डिटेल्स से आरोपी आए पकड़ में
सीओ सेकेंड ने बताया कि फुरकान की गुमशुदगी को पुलिस ने हत्या और अपहरण की धारा में तरमीम करते हुए मामले की जांच शुरू की थी। इसके बाद पुलिस ने फुरकान के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो उसकी चेतन राज से बात होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने राज को पकड़ कर सख्ती से पूछताछ की तो पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो गया।
मीडियाकर्मी बनना चाहता था फुरकान
सीओ सेकेंड ने बताया कि करीब तीन माह पूर्व फुरकान की मुलाकात आरोपी चेतन राज त्यागी से हुई थी। आरोपियों ने बताया कि फुरकान भी उनकी तरह मीडियाकर्मी बनना चाहता था और वह उनसे मीडिया का कार्ड मांग रहा था।