वैशाली सेक्टर-4 स्थित शॉप्रिक्स मॉल में चौथे फ्लोर से एक युवक (22) ने छलांग लगा दी, जिससे हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस को उसके पास से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने खून से लिखा है कि प्रेमिका की मौत की वजह से वह यह कदम उठा रहा है।
घटना बुधवार रात करीब पौने आठ बजे की है। युवक के कूदने की आवाज सुनकर मॉल और शोरूम के कर्मचारी बाहर आ गए। उन्होंने देखा कि बेसमेंट के ओपन एरिया में घायल अवस्था में युवक तड़प रहा है।
आनन-फानन में मॉल कर्मियों ने उसे उठाया और ऑटो से कौशांबी स्थित यशोदा अस्पताल ले गए, जहां युवक की हालत गंभीर बनी है। इस दौरान मॉल प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस को युवक के पास से बैग, उसमें रखा सुसाइड नोट और मोबाइल मिला है। युवक ने सिम को चबाकर नष्ट कर दिया था। मोबाइल के सभी कांटेक्ट भी मिटा दिए हैं। मोबाइल में जो एक नंबर है, वह राजस्थान का है और बंद आ रहा है।
इस संबंध में थाना इंदिरापुरम एसएचओ बीआर जैदी ने बताया कि युवक का जबड़ा टूट गया है। पेट के नीचे एक नली भी फट गई है, जिससे लगातार खून बह रहा है। पुलिस युवक की शिनाख्त की कोशिश कर रही है।
‘वादा किया था, हम जीएंगे साथ-मरेंगे साथ’
सुसाइड नोट में खून से लिखा है, आई लव यू मम्मी-पापा, भैया और आई मिस यू मम्मी। मैं उस लड़की से बहुत प्यार करता हूं। आज वो इस दुनिया में नहीं है, फिर भी उसे इतना प्यार करता हूं।
मानता हूं कि मैंने उस लड़की से प्यार करके बहुत बड़ी गलती की, लेकिन ये गलती मैं अब नहीं सुधार सकता। उस लड़की से मैंने वादा किया था कि हम जीएंगे साथ और मरेंगे साथ में। अगर ये वादा न किया होता तो मैं ऐसा काम नहीं करता। आप सबको छोड़कर नहीं जाता।
क्रॉस रिवर मॉल सुसाइड केस से जुड़ रहे तार
सुसाइड नोट से लग रहा है कि प्रेमिका ने भी मॉल से कूदकर सुसाइड किया था। युवक ने लिखा है कि ‘जिन लोगों ने उस लड़की को मॉल से उठाकर अस्पताल पहुंचाया, उन लोगों का दिल से धन्यवाद करता हूं। सीओ ने बताया कि कुछ महीने पहले एक युवती ने दिल्ली स्थित क्रॉस रिवर मॉल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इस पर भी जांच करेंगे।