इंदिरापुरम शक्तिखंड निवासी सीए की बेटी आर्ची से पुलिस ने बयान ले लिए हैं। आर्ची ने बताया है कि दो महिलाओं ने नशीला पदार्थ सुंघाकर कार से उसका अपहरण किया था। इसके बाद जब उसे होश आया तो वह हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में थी। पुलिस जल्द ही आर्ची को बयान के लिए मजिस्ट्रेट के सामने पेश करेगी।
शक्तिखंड निवासी सीए सुभाष यादव की बेटी और कक्षा छठी की छात्रा आर्ची 13 फरवरी की दोपहर घर के बाहर से ही संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में वह अकेली भागती दिख रही थी। परिजनों ने अपहरण का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस इसे अपहरण का मामला नहीं मान रही थी।
अगले ही दिन आर्ची हिमाचल पुलिस को पालमपुर बस अड्डे पर मिली थी। 16 फरवरी को गाजियाबाद पुलिस को इसकी सूचना मिली। पुलिस का दावा था कि आर्ची का अपहरण नहीं हुआ था। स्कूल का एसाइनमेंट पूरा नहीं होने के कारण वह खुद ही घर से गई थी।
उधर, एसएचओ ने बताया कि बुधवार शाम आर्ची ने बयान दिया है कि दो महिलाओं ने उसे कुछ नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इसके बाद एक कार में डालकर उसे कहीं ले गए। इसके बाद उसे कुछ भी याद नहीं। पुलिस के अनुसार जल्द ही आर्ची को मजिस्ट्रेट के सामने धारा 164 के बयान के लिए पेश किया जाएगा। इसके बाद ही जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।