दो पुलिसकर्मियों ने मिनी ट्रक चालक प्रताप वर्मा (22) से 50 हजार रुपये ‘लूट’ लिए। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। वह एमएमजी अस्पताल में भर्ती है। नगर कोतवाली पुलिस ने उसकी रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की है।
प्रताप वर्मा कल्याणपुर, सीतापुर का रहने वाला है। वह घूकना इलाके में पत्नी के साथ किराए के घर पर रहता है। मिनी ट्रक चलाने के अलावा वह बहनोई के साथ कपडे़ का व्यापार भी करता है।
प्रताप ने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह नया बस अड्डा स्थित पेट्रोल पंप से मिनी ट्रक में पेट्रोल डलवाकर लौट रहा था। पेट्रोल पंप से 100 मीटर की दूरी पर उसका मिनी ट्रक एक लड़की की स्कूटी से टकरा गया।
लड़की के शोर मचाने पर नगर कोतवाली थाने के दो पुलिसकर्मी मौके पर आ गए। पुलिसकर्मी प्रताप को पकड़कर नया बस अड्डा के पास बन रहे मॉल के पीछे की तरफ ले गए, जहां उन्होंने उससे मारपीट की।
उसकी जेब से 50 हजार रुपये और मोबाइल लेकर पुलिसकर्मी वहां से चले गए। मॉल में मजदूरी कर रहे लोगों ने उसे एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रताप ने बताया कि शनिवार सुबह जब उनके परिजन थाने में शिकायत करने पहुंचे तो पुलिस कर्मियों ने उन्हें 28 हजार रुपये और मोबाइल लौटा दिया।
परिजनों का आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मी उन पर दबाव बना रहे हैं कि वह न तो रिपोर्ट लिखवाएं और न ही किसी को इस बारे में बताएं। इस संबंध में एसपी सिटी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी, अगर पुलिसकर्मी दोषी हैं, तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।