सरस्वती विहार कालोनी में देर रात लैब टेक्नीशियन ने सीढ़ी के जरिए फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने पत्नी के साथ विवाद होने की बात पुलिस को बताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजीव गार्डन कालोनी निवासी संजय शर्मा (23) दिल्ली स्थित एक लैब में बतौर लैब टेक्नीशियन काम करते थे। तीन वर्ष पूर्व उनकी शादी ज्योति से हुई थी। परिजनों के मुताबिक उनका पत्नी से कुछ समय से विवाद चल रहा था।
विवाद के बाद पत्नी एक सप्ताह पूर्व मायके चली गई थी। देर रात वह सरस्वती विहार कालोनी निवासी बहन के घर गए थे। जहां उन्होंने पत्नी को फोन कर वापस आने के लिए कहा। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी भी हुई।
फोन पर बात करने के बाद उन्होंने आंगन में रखी सीढ़ी के जरिए रस्सी बांधकर खुद को फंदा लगा लिया। सुबह होने पर उसकी बहन और बहनोई को घटना का पता चला। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
ईएमयू के आगे कूदकर युवक ने जान दी
ईएमयू के आगे कूदकर सोमवार को एक युवक ने जान दे दी। युवक की शिनाख्त जेब से मिली एक कागज के आधार पर मालदा (पश्चिम बंगाल) के हरचंदपुर के बुधिया के रूप में हुई है। सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जीआरपी उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। रेलवे स्टेशन पर बीते चार दिन में तीन लोग सुसाइड कर चुके हैं। जीआरपी एसआई चेतराम शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे ईएमयू का खाली रैक प्लेटफार्म एक से यार्ड में जा रही थी।
इसी दौरान करीब 22 वर्षीय बुधिया उसके सामने कूद गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे दो दिन पहले पतघरा कटिहार निवासी ऋषिकेश यादव (50) ने प्लेटफार्म नंबर-2 पर ट्रेन के सामने आकर सुसाइड कर लिया था।
हालांकि जीआरपी ने ट्रेन से गिरकर मौत होने की बात कही थी। इससे एक दिन पहले एक युवक ने मालगाड़ी के सामने सुसाइड कर लिया था।