हिमांशी मौत प्रकरण में सोमवार को बदायूं से आए परिजनों ने आईओ सीओ सेकेंड मनीष मिश्रा के यहां बयान दर्ज कराए। उन्होंने आरोप लगाया कि यशोदा अस्पताल के डॉक्टरों ने हिमांशी के शव का ‘मेकअप’ किया, ताकि उसके जख्म छिपाए जा सकें। उन्होंने एसएसपी को तहरीर भी दी, जिसमें यशोदा अस्पताल के डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग की गई।
हिमांशी के चाचा हरिओम कश्यप ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में लिखा है कि सांसद नरेंद्र कश्यप और उनका बेटा डा. सागर की यशोदा अस्पताल में पार्टनरशिप है। यशोदा अस्पताल का मालिक और डा. सागर गहरे मित्र हैं।
इस वजह से हिमांशी के शव को आरोपी यशोदा अस्पताल ले गए और डॉक्टरों ने मारपीट और चोट के निशान छिपाने की कोशिश की। मौत हो जाने के बावजूद उसके सिर पर पट्टी बंधी थी। यशोदा अस्पताल के डॉक्टरों को हत्या में आई चोटों को छिपाने और सबूत के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में जांच कर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने सागर के छोटे भाई सिद्धार्थ और उसकी बहन शोभा-सरिता को गिरफ्तार करने की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में हिमांशी के शव के कपड़े बदले, ‘मेकअप’ की तरह लिपस्टिक और फेस पाउडर लगाया।
दूसरी तरफ आईओ का दावा है कि सीसीटीवी से पुलिस को सुराग नहीं मिल रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज को चेक किया गया तो उसमें एक ही सीन बार बार दिखा रहा है। बता दें कि छह अप्रैल को हिमांशी की गोली लगने से मौत हो गई थी।
दहेज हत्या में सांसद नरेंद्र कश्यप, उनकी पत्नी देवेंद्री और बेटा सागर गिरफ्तार हो चुके हैं। हिमांशी को गोली लगने की सूचना सांसद नरेंद्र कश्यप ने हिमांशी के पिता को दी थी। पहले परिजनों ने बताया था कि पड़ोसी ने सूचना दी थी। उधर, एसएसपी ने जांच के बाद गुण दोष के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
‘हिमांशी यशोदा अस्पताल मृत हालत में लाई गई थी। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई थी। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गाया था। यशोदा अस्पताल के डॉक्टरों पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं।’ - यशोदा अस्पताल प्रबंधन
बेटे की कस्टडी मांगी
हिमांशी का बेटा मौलिक राज सागर के परिजनों के पास है, उसकी कस्टडी की मांग हिमांशी के पिता हीरालाल कश्यप ने पुलिस से की है।
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का दिया ब्रेसलेट भी छीन लिया था
हरीओम कश्यप ने बताया कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने हिमांशी को हीरे का एक ब्रेसलेट दिया था, जिसे ससुराल वालों ने उससे छीन लिया था। उस वक्त हिमांशी ने परिजनों को इसकी जानकारी दी थी।
फेसबुक पर चला रहे ‘वी वांट जस्टिस’ मुहिम
परिजनों ने फेसबुक पर ‘वी वांट जस्टिस’ करके मुहिम चलाई हुई है, जिसमें लोगों को जोड़ा जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सात मुख्य बिंदु
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लिखा है कि हिमांशी की नाक से खून बह रहा था। दोनों पैराइटल बोन टूटी हुई थीं। माथे पर गूमड़ा (सूजन 6 सेंटीमीटर गुना 3 सेंटीमीटर) था। आमाश्य की दीवारों पर लालिमा थी। गोली दाएं कान के 5.5 सेंटीमीटर ऊपर मारी गई। आंखों के चारों ओर काले निशान थे। दोनों हथेलियों पर निशान थे।
हिमांशी के परिवार को पैरवी के दौरान जान का खतरा
हिमांशी के पिता को खतरा है कि पैरवी के दौरान सांसद नरेंद्र कश्यप के समर्थक उनके परिवार पर हमला कर सकते हैं। एसएसपी से उन्होंने इसका अंदेशा जताते हुए सुरक्षा की मांग की है।
एसएसपी ने हिमांशी के पिता को सुरक्षा का आश्वासन दिया है। 18 तारीख को वह पैरवी के लिए गाजियाबाद आएंगे, उस दिन सांसद की बेल एप्लीकेशन पर कोर्ट में सुनवाई है। हरिओम ने बताया कि बदायूं से वह वकील लेकर आएंगे।