विजय नगर थाना क्षेत्र में अर्द्धबेहोशी की हालत में मिली किशोरी ने कोर्ट के समक्ष दिए बयान में कहा कि दीपक ने उसके साथ रेप नहीं किया है। कार सवार महिला समेत चार लोगों ने नशीला रुमाल सुंघाकर उसका अपहरण किया। इसके बाद बुधवार सुबह जब उसे होश आया तो आरोपियों ने उसे फिर नशीला रुमाल सुंघाकर बेहोश कर दिया।
बाद में उसे एनएच-24 किनारे फेंककर भाग गए। किशोरी के इस बयान के बाद विजय नगर पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। उधर, पीड़िता के परिजनों ने शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस के बाहर हंगामा किया।एसओ विजय नगर ने बताया कि कोर्ट में दिए बयान में पीड़िता ने नामजद आरोपी दीपक को बेकसूर बताया है।
हालांकि एक दिन पहले ही पुलिस ने दीपक नामक युवक को गिरफ्तार कर इस बात का खुलासा किया था कि दीपक ने ही रेप किया है। किशोरी के बयान के बाद अब विजय नगर पुलिस के खुलासे पर सवाल उठने लगे हैं।
एसओ विजय नगर के अनुसार पीड़िता ने कोर्ट में बताया कि मंगलवार शाम को ट्यूशन से निकलने के बाद उसे काले शीशे वाली कार से उतरकर एक महिला ने नशीला रुमाल में सुंघाकर कार में डाल दिया। कार में दीपक व दो अन्य युवक भी थे। आरोपी उसे कहीं ले गए।
बुधवार सुबह होश आने पर एक युवक ने फिर रुमाल सुंघाकर उसे एनएच-24 किनारे राठी स्टील के पास दोपहर में फेंक दिया। इसके बाद उसने ही परिजनों को कॉल कर बुलाया था।
दूसरी ओर पुलिस की कार्रवाई से नाराज पीड़ित छात्रा के परिजनों ने शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस के सामने हंगामा किया।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस उनके द्वारा बताए गए अन्य आरोपियों को मामले में रिश्वत लेकर छोड़ रही है। उनकी बेटी के साथ कई लोगों ने दुष्कर्म किया है। पिता ने बताया कि बेटी के साथ एक दाढ़ी वाले व्यक्ति ने मारपीट भी की थी। उधर, एसओ विजय नगर ने बताया कि पुलिस दीपक को रिमांड पर लेकर एक बार फिर पूछताछ करेगी।
वहीं छात्रा द्वारा दिए गए बयानों के आधार पर भी पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में छात्रा के साथ रेप की पुष्टि हुई थी। गिरफ्तार आरोपी दीपक ने भी रेप करने की बात स्वीकार की थी।