14 अप्रैल से गायब बीटेक स्टूडेंट पुरुषोत्तम उर्फ राहुल मिल गया है। वह दिल्ली की गर्लफ्रेंड संग बजरिया के होटल में रह रहा था। विजयनगर पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
पुरुषोत्तम ने बताया कि करीब चार माह पहले वह मौसी के घर दिल्ली गया था। रास्ता पूछने के दौरान उसकी मुलाकात युवती से हुई थी। इसके बाद उनमें फोन पर बातचीत हुई और प्यार हो गया। युवती डीयू से बीए कर रही है। अलग-अलग जाति के होने के कारण उन्हें लगा कि घरवाले रिश्ते से राजी नहीं होंगे।
छात्र ने बताया कि 14 अप्रैल को वह दिल्ली गया, युवती को लेकर बजरिया के होटल आया। युवती की आईडी पर ही कमरा बुक किया। 16 अप्रैल को मंदिर में उन्होंने शादी कर ली। इसकी जानकारी युवती की बहन को थी।
एसओ विजयनगर सुरेंद्र यादव ने बताया कि दोनों साथ रहना चाहते हैं। युवक-युवती के परिजनों को बुलाया गया है। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि पुरुषोत्तम बागू कालोनी के खैराती नगर निवासी चरण सिंह का पुत्र है। चरण सिंह प्रॉपर्टी डीलर हैं।
पुरुषोत्तम एनएच-24 किनारे एबीईएस कॉलेज में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र है। 14 अप्रैल को वह दिल्ली जाने को कहकर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा था। परिजनों ने ऑनर किलिंग की आशंका जताते हुए विजयनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस को ऐसे चला स्टूडेंट का पता
एसओ ने बताया कि पुरुषोत्तम को 90 हजार रुपये स्कॉलरशिप मिली हुई थी। वह थोड़ी-थोड़ी रकम उसमें से निकाल रहा था। इसकी जानकारी कॉलेज वालों ने पुलिस को दी। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पुरुषोत्तम विजयनगर में पीएनबी में पैसे निकालने पहुंचा तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तब उसने खुलासा किया कि वह गर्लफ्रेंड के साथ होटल में ठहरा हुआ था।