रेलवे स्टेशन पर गंदे पानी की छींटा पड़ने पर स्टेशन अधीक्षक ने शुक्रवार को एक सफाई कर्मी को थप्पड़ मार दिया। इससे सफाई कर्मी की नाक से खून बहने लगा। घटना की जानकारी शनिवार को होने पर स्टेशन के सफाई कर्मी भड़क उठे और स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। साथ ही काम ठप कर दिया।
बाद में असिस्टेंट ट्रैफिक मैनेजर के आश्वासन पर सफाई कर्मी शांत हुए।शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे प्राइवेट सफाई कर्मी दीपू प्लेटफार्म नंबर तीन पर पानी डालकर सफाई कर रहा था। इसी दौरान पीछे से स्टेशन अधीक्षक आ गए और उनके ऊपर गंदे पानी की कुछ छींटे पड़ गईं। इस पर वह भड़क गए और दीपू को थप्पड़ मार दिया।
इससे उसकी नाक पर चोट लगने से खून बहने लगा। घटना के बाद दीपू घर चला गया। शनिवार सुबह करीब 11 बजे जानकारी होने पर सफाई कर्मियों ने स्टेशन अधीक्षक के ऑफिस के बाहर हंगामा शुरू कर काम ठप कर दिया।
असिस्टेंट ट्रैफिक मैनेजर महेश यादव ने बताया कि एसएस को चेतावनी देकर सफाई कर्मियों को शांत करा दिया गया है। स्टाफ के साथ बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उधर, एसएस का कहना है कि उन्हें अपने किए पर पछतावा है।