भोपुरा तिराहे के पास किराने की एक दुकान में घुसकर छह युवकों ने तोड़फोड़ और फायरिंग की। आरोपी गल्ले में रखे करीब 73 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद दुकानदारों ने चौकी का घेराव किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। घटनास्थल के नजदीक एक हिंदू संगठन का स्टीकर लगी कार बरामद हुई है।
पीड़ित ने एक रिश्तेदार पर हमला कराए जाने का शक जताया है।तुलसी निकेतन निवासी राजेश भाई दीपक और ललन के साथ भोपुरा तिराहे के पास किराने की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे वह भाइयों के साथ दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान छह युवक उनकी दुकान पर आए और तोड़फोड़ करने लगे।
विरोध किया तो युवकों ने दुकान में कई राउंड फायरिंग कर दी और गल्ले में रखे करीब 73 हजार रुपये लेकर भाग गए। फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। इसके विरोध में आसपास के दुकानदारों ने दुकान बंद की और चौकी तुलसी निकेतन पहुंचे। व्यापारियों ने चौकी का घेराव करते हुए नारेबाजी की।
उन्होंने आरोपियों के जल्द गिरफ्तारी की मांग की। शनिवार को भी दुकानदार चौकी पहुंचे। राजेश ने बताया कि करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्हें घटना के पीछे एक रिश्तेदार की भूमिका होने का संदेह है। काफी समय से रुपयों को लेकर उनका उस रिश्तेदार से विवाद चल रहा था।
वह कई बार उनके साथ मारपीट भी कर चुका है। उनका रिश्तेदार एक हिंदू संगठन से जुड़ा हुआ है। उसी संगठन के युवकों को भेजकर उसने घटना कराई हो। बरामद कार भी उन्हीं युवकों की लग रही है, जिस पर हिंदू संगठन का स्टीकर लगा है।
एएसपी अनूप सिंह ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित का कहना है कि पांच-छह युवक शुक्रवार दोपहर को भी उनकी दुकान पर आए थे, मगर दुकान पर काफी लोग होने के चलते लौट गए थे। कार को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।