बोझा में सफाई कर्मचारी आकाश उर्फ चिंटू (28) की सीने में गोली लगने से मौत हो गई। गोली तमंचे से चली है। सिहानी गेट पुलिस आत्महत्या और हादसा दोनों एंगल से जांच कर रही है। परिवार में कोहराम मचा है।
आकाश नगर निगम में अस्थाई सफ ाई कर्मचारी था। वह बोंझा में पिता सुरेश, पत्नी आरती, बहन कोमल और भाई सचिन के साथ रहता था। पिता ने बताया कि शनिवार रात करीब साढे़ सात बजे आकाश घर में पहली मंजिल पर बने कमरे में टीवी देख रहा था।
बाकी लोग भूतल पर थे। इस दौरान पहली मंजिल पर गोली चलने की आवाज सुन सचिन आकाश के कमरे में गया। आकाश लहूलुहान हालत में फर्श पर पड़ा था। उसके सीने में गोली लगी थी। पास ही तमंचा भी पड़ा था।
आकाश को एमएमजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना आसपास के लोगों ने कंट्रोल रूम में दी। सिहानी गेट पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और छानबीन की।
परिजनों ने बताया कि घटना से पहले आकाश सामान्य लग रहा था, अंदेशा है कि अचानक तमंचे से गोली चलने से उसकी मौत हुई है। आकाश के पास तमंचा होने की उन्हें जानकारी नहीं थी। उधर, एसएचओ सिहानी गेट अवनीश गौतम का कहना है कि सुसाइड और हादसा दोनों एंगल से जांच की जा रही है।
जल्द ही पिता बनने वाला था आकाश
आकाश ने ऊदलनगर निवासी आरती से पांच साल पहले शादी की थी। दंपति के बेटा वंश (3) है। आकाश की पत्नी गर्भवती है, उसका रो- रोकर बुरा हाल है। वंश दिल्ली त्रिलोक नगरी में बुआ के घर पर गया हुआ है।