राजनगर एक्सटेंशन रोड पर बुधवार दोपहर रोडवेज बस ने एक स्कूटी सवार महिला को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आरोपी चालक बस लेकर फरार हो गया। मृतका के पति की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। महिला ने हेलमेट नहीं पहना था।
मूलरूप से मुजफ्फरनगर के सोहजनी गांव निवासी हरि प्रकाश त्यागी इन दिनों राजनगर एक्सटेंशन की अजनारा इंटग्रिटी सोसायटी में पत्नी राधा त्यागी के साथ रह रहे थे। हरि प्रकाश दिल्ली स्थित एक निजी अस्पताल में चाइल्ड स्पेशलिस्ट हैं जबकि उनकी पत्नी राधा त्यागी (45) आर्किटेक्ट थीं।
बुधवार दोपहर राधा शॉपिंग के लिए स्कूटी से बाजार आई थीं। वह दोपहर करीब एक बजे शॉपिंग कर वापस स्कूटी से राजनगर एक्सटेंशन स्थित घर लौट रही थीं। राजनगर एक्सटेंशन रोड पर वीवीआईपी मॉल के पास रोडवेज बस ने ओवरटेक करने के दौरान उन्हें पीछे टक्कर मार दी।
स्कूटी से गिरने के दौरान उनका सिर सड़क पर तेजी से जा लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस लेकर भागने लगा। लोगों ने उसका पीछा किया मगर वह भाग निकला। एसओ सिहानी गेट विनोद पांडेय ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से चालक की तलाश की जा रही है।
पहना होता हेलमेट तो बच जाती जान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के दौरान राधा ने हेलमेट नहीं लगाया था। बस की टक्कर के बाद वह सिर के बल नीचे गिरीं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अगर उन्होंने हेलमेट पहना होता तो उनकी जान बच सकती थी।