इनाम विहार कालोनी में शराब के नशे में धुत एक युवक ने पेट में कैंची घोंपकर दोस्त की हत्या कर दी। आरोप है कि आरोपी की पत्नी भी वारदात में शामिल थी। पुलिस ने आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।इनाम विहार कालोनी निवासी मिथुन (25) दिल्ली के एक निजी अस्पताल में वाहन चालक था। कालोनी में ही उसका दोस्त महताब पत्नी मोहसिना के साथ रहता है।
शुक्रवार रात महताब के साथ मिथुन उसी के घर पर शराब पी रहा था। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि महताब और उसकी पत्नी ने मिथुन को बुरी तरह पीटा। इतने में मोहसिना कैंची उठा लाई, महताब ने मोहसिना के हाथ से कैंची लेकर मिथुन के पेट में घोंप दी।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए और मिथुन को दिल्ली स्थित जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। सीओ अनिल यादव ने बताया कि मिथुन के परिजनों की रिपोर्ट पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।