पुलिस भले ही अर्शी मर्डर केस के सहअभियुक्तों को पकड़कर अपनी पीठ थपथपा रही हो, मगर अधूरे होमवर्क के चलते मुख्य आरोपी काले मंगलवार की रात मुठभेड़ के दौरान भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने काले की तलाश में अब दो टीमें बनाकर छापेमारी शुरू कर दी है। दावा है कि नवाब, संजय और रवि से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार शाम पुलिस ने 50 हजार के इनामी यूनुस उर्फ काले के भाई 15 हजार के इनामी नवाब को इंदिरापुरम से गिरफ्तार किया था। उसकी जानकारी पर ही पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पांच हजार के इनामी संजय उर्फ धारा और रवि को पकड़ा था।
हालांकि काले और उसका साथी उस्मान भागने में कामयाब रहे। इस दौरान यह देखने में आया कि पुलिस ने हिंडन बैराज और कनावनी पुलिया की ओर से दोनों बदमाशों को घेरा, मगर कनावनी की ओर कोई पुलिस फोर्स नहीं लगाई, जिसके चलते काले भाग निकला।
कनावनी की ओर फोर्स होती तो आसानी से काले पकड़ा जा सकता था। एसएचओ गोरखनाथ यादव ने बताया कि नवाब और संजय से कई अहम जानकारियां मिली हैं। दो टीमें काले को पकड़ने में लगाई हैं। जल्द ही उसे भी दबोच लिया जाएगा।
अर्शी का परिवार बोला, जल्द पकड़ा जाए काले
मृतक अमजद और कपड़ा व्यापारी अर्शी के भाई इकबाल ने बताया कि अच्छा है कि उसके भाई की हत्या में शामिल बदमाश पकड़े जा रहे हैं। पुलिस को जल्द ही काले को भी पकड़ना चाहिए। उन्होंने बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस का धन्यवाद दिया।
उधर, एसएचओ ने बताया कि हरसोली मुजफ्फरनगर निवासी संजय उर्फ धारा और देवबंद निवासी रवि पर पहले भी हत्या, लूट और धमकी के कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के गृह जनपद के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।